रविवार, 27 नवंबर 2016

सिलसिला

अहसास फ़िर एक दबा सा ढूंढ लिया,
दिल ने दर्द का फ़िर पता ढूंढ लिया !

बेज़ार हो चला था दिल सुकूनियत से,
दिल आज़ारी का फ़िर मरहला ढूंढ लिया !

एक उम्र तलक रहे हैं आवारगी के दिन,
थके हुए क़दमों ने फ़िर आशियाँ ढूंढ लिया !

उससे शिक़ायत क्या करूँ की ग़ैर है वो,
ख़ुद से ही आज फ़िर गिला ढूंढ लिया !

अहसासों को तलाश थी अल्फ़ाज़ों की,
फिर से एक राज़ छुपा सा ढूंढ लिया !

सब इल्ज़ाम मैंने अपने नाम कर लिए,
पर तू न मिला, मैंने बेइन्तेहा ढूंढ लिया !

मेरे तू ख़्वाबों में भी ख़्वाब हो गया,
रतजगों का मैंने सिलसिला ढूंढ लिया !

मंगलवार, 22 नवंबर 2016

इल्तिजा!!!

ऐ ख़ुदाहुनर तू मुझे इतना दे दे,
मेरे अहसास को लफ़्ज़ों में तर्जुमा दे दे !

ताउम्र भटकता रहा हूँ मुहाजिर जैसा,
ज़िन्दगी की सख़्तियों को सायबान दे दे !

नस्ल-ए-आदम का हर राज़ जानने वाले,
मुझको भी अपनी हस्ती के निशां दे दे !

वसाविस की गिरफ़्त में है हस्ती मेरी,
मेरे दिल को कोई नेक मशवरा दे दे !

ले इम्तिहान तू बेशक़पर इल्तिजा भी सुन,
सब्र करने का तू मुझे हौसला दे दे !

ये कैसी आज़माइश, कि रूह भी क़ैद है,
मेरी परवाज़ को तू मेरा आसमान दे दे !

रूह झुलसी है सफ़र-ए-आतिशां करते,
मेरी आवारगी को तू आशियाँ दे दे !

बहुत रुसवा हैं तेरा सजदा करने वाले,
ख़ुदारा इस क़ौम को भी तू कर्बला दे दे !

गुनाह भी करता है और तेरा सजदा भी,
मौला 'फ़राज़' को इबादत का सलीक़ा दे दे !

|||फ़राज़|||

तर्जुमा= Translation.
ताउम्र= Lifelong. All life.
मुहाजिर= Refugee, Emigrant.
सख़्तियां= Hardships, Rigidities.
नस्ल-ए-आदम= Ancestry of Adam.
निशां= Mark, Sign.
वसाविस= Evil thoughts, Bad thoughts.
गिरफ़्त= Lock, Objection
मशवरा= Consultation, Suggestion.
इल्तिजा= Request, Plead.
आज़माइश= Examination, Trail, Test.
परवाज़= Flight.
सफ़र-ए-आतिशां= Journey of fire.
आवारगी= Wandering, Waywardness.
आशियाँ= Nest, Shelter
ख़ुदारा= O God.
क़ौम= Tribe, Race, People.
कर्बला= A place in Iraq where Imam Hussain was assassinated and buried in a holy war.
रुसवा= Dishonored, Despondent.
सजदा= Bowing in Prayer so as to touch the ground with the forehead.
मौला= God.
सलीक़ा= Good manner, Discreet of good disposition.


शनिवार, 19 नवंबर 2016

महरूमियत


आज फ़िर यूँही गुज़रा मैं जो बीते कल से,
रूह को बाक़ी तेरी महरूमियत आज भी है !
काश यूँ भी होता की साथ तू भी होता,
एक दबी-दबी सी हसरत आज भी है !

तेरे ख़याल पर कुछ ठहर सा जाता हूँ,
एक पहले सी मेरी फ़ितरत आज भी है !
रात, चाँद, सितारे और तन्हाई भी है,
और साथ मेरे फ़ुरक़त आज भी है !

कुछ देर चाँद दिखा और फिर छुप गया,
तुझ जैसी इसकी आदत आज भी है !
बस रात और ख़ामोशियाँ ही रहे फ़िर बाक़ी,
बस इतनी ही मेरी सोहबत आज भी है

तू ख़्वाब में आया, फ़िर न नींद आई,
हर रात की सी हालत आज भी है !
चल भूल ही जाते हैं ‘फ़राज़’ उसको
बाक़ी बस यही सूरत आज भी है !

गुरुवार, 17 नवंबर 2016

दहलीज़

एक सिहरन सी मेरी रगों में दौड़ती है,
सांस तेरी मुझे छू के गई हो जैसे !
बेसाख़्ता ही मुस्कुरा दिया एक ख़याल से मैं,
तेरी बातों में आज भी कोई गुदगुदी हो जैसे !

तेरी गर्दिश मेरे ज़हन में यूँ रहती है,
मेरी धड़कन से बाक़ी तेरी दोस्ती हो जैसे !
तेरे वजूद को ढूंढती हैं अक्सर बाहें,
मुझमें बाक़ी सी तेरी तिश्नगी हो जैसे !

हर अपने की अपनाईयत से वाकिफ़ हूँ,
धुंध आँखों से मेरी छंट गयी हो जैसे !
कल मैं गुज़रा था फ़िर तेरी गलियों से,
वो दीवार-ओ-दर अब अजनबी हों जैसे !

मेरे नाम से अब भी तू चौंक सा जाता है,
फांस कोई सीने में चुभी रह गयी हो जैसे !
तेरे अहसास ने फिर टटोला यूँ मेरे दिल को,
मेरी दहलीज़ पर आज भी तू खड़ी हो जैसे !

|||फ़राज़|||

शुक्रवार, 11 नवंबर 2016

दस्तक

मैं जानता हूँ कि तू नहीं रहता
अब मेरे पड़ोस के उस घर में...

पर कुछ निशानियाँ बच गयी होंगी
बंद अलमारी के किसी कोने में,
अपने कुछ पुराने कपड़ों के बीच
जो तुमने छुपा के रखी थीं !

पर शायद अब वो फूल न होगा,
जो तुमने अपनी एक डायरी में,
मुलाक़ात के साथ रख छोड़ा था,
तेरी लिखावट में मेरे निशान बाकी होंगे !

कुछ लम्हें आज भी सिमटे मिल जाएँगे
गुज़रे कल की धुंधली तस्वीरों में,
पर कुछ लम्हों को तो तुमने
महज़ यादों में ही खंगाला होगा !

मैं जानता हूँ कि तू नहीं रहता
अब मेरे पड़ोस के उस घर में...
थक के लौट आती है तेरे दर से
अक्सर मेरी मायूस दस्तक !

कुछ लोग बारहा वहां अब भी रहते हैं,
पर अब वहां वो नहीं रहता,
जो मेरी हलकी सी आहट सुनकर,
          घरवालों से हज़ार बहाने करके,
दौड़ के आ जाता था खिड़की पर,
कभी छ्त, तो कभी दरवाज़े पर!


मेरे ख़याल मुझे ही छल कर,
अक्सर उस गली में ले जाते हैं,
दस्तक उस दर पर देते हैं,
पर कोई जवाब नहीं आता !

मैं जानता हूँ कि तू नहीं रहता
अब मेरे पड़ोस के उस घर में...

रविवार, 30 अक्टूबर 2016

सफ़र

ये और बात है कि सहते सितम रहे,
तेरे ज़िक्र पे बारहा ख़ामोश हम रहे !

दुनिया को ये शिकायत, क्यूँ फ़ासले हैं अब,
हमको तो बस गिला है, क्यूँ पास हम रहे !

ख़ामोश है मुंडेरें, सूनी है एक गली,
थे रूबरू जहाँ पर, हर शाम हम रहे !

उसको मेरी इबारत मशहूर कर गई
जिस नाम के सफ़र में बदनाम हम रहे !


फ़राज़

गुरुवार, 27 अक्टूबर 2016

ख़्वाब

नींद से था जागा मगर आँख लगी हो जैसे,
रात फिर ख़्वाब में मुझको तू मिली हो जैसे !

ख़्वाब जो टूट गया उसकी तासीर ही कुछ ऐसी थी,
तेरे आग़ोश में कोई रात कटी हो जैसे !

ख़्वाब के बोझ से पलकें मेरी यूँ बोझिल हैं,
नींद फ़िर तेरा पता पूछ रही हो जैसे !

मैंने दामन तेरा कुछ सोच के फ़िर थाम लिया
कोई रंजिश कभी तुझसे न रही हो जैसे !

मेरे हाथों में कुछ देर तलक तेरा हाथ रहा,
ख़्वाब में ख़्वाब को ताबीर मिली हो जैसे !

मैंने माना ये हक़ीकत नहीं, महज़ ख्वाब ही था,
एक लम्हे को तेरी आहट साथ रही हो जैसे !

बारहा ख़्वाब था, तो टूट ही गया,
मुझसे तू ख़्वाब में भी रूठ गयी हो जैसे !

रविवार, 16 अक्टूबर 2016

जाने वाले नहीं फ़िर लौट कर आने वाले !!!

है पूछता बारिश का पानी मुझसे
कहाँ गए वो काग़ज़ की नाव चलने वाले,

अपनों की शिक़ायत ग़ैरों से क्या करूँ
ख़ुद रूठ गए मुझको मनाने वाले,

एक हवा का झौंका तूफ़ान हो गया
     ख़्वाब हो गए सब साथ निभाने वाले,

इल्ज़ाम हमने सारे तस्लीम कर लिए
मायूस हो गए इल्ज़ाम लगाने वाले,

एक बादल का टुकड़ा देखा तो याद आया,
जाने वाले फ़िर नहीं  लौट कर आने वाले !!!

||| फ़राज़ |||

शुक्रवार, 7 अक्टूबर 2016

वक़्त की रेत सा तू हाथों से बह गया...

क़तरा वो स्याही सा क़ाग़ज़ पर रह गया,
अश्क़ों की स्याही से अशआर कह गया...
फिर से जो खंगाली दास्तान अपनी,
एक लम्हा आँखों के साहिल से बह गया...

एक झूठी हक़ीकत, एक बिसरी कहानी,
एक आरज़ू ख़्वाब में वो फिर से दे गया...
ये क्या दीवानगी, कि अब भी मुस्कुराता है,
तन्हाइयों के ज़ख्म जो तन्हा ही सह गया...

ये मेरी फुरक़त कि तू नहीं हासिल,
वक़्त की रेत सा तू हाथों से बह गया...
मुझको भी हुनर अता हो अदाकारी का,
कैसे लिखूं की दूर तू किस तरह गया...

वक़्त की धूल है आइनों पर जम गई,
परछाईंया है मेरी, पर चेहरा रह गया...
जो था मेरी हक़ीकत, ख़ुद ख़्वाब हो गया,
जाने वाले तू ये क्या ताबीर कह गया...

बुधवार, 5 अक्टूबर 2016

निशानियाँ



ये न सोचा था की फ़ासला इतना होगा,
तेरी तस्वीर होगी पर तेरा चेहरा न होगा !

दूरियों की धुंध छाती थी, छंट जाती थी,
अबकी जो धुंध छंटी तो भी सवेरा न होगा !

मैं न सही पर कुछ निशानियाँ तो बाक़ी होंगी,
एक सूखा गुलाब किताबों में अब भी रखा होगा !

यूँ तो बहुत कुछ है जो अभी अनकहा ही रह गया,
अनकहा ही रहेगा जो फ़िर न कभी सामना होगा,

तुमसे ही शुरू हुए और तुम पर ही ख़त्म,
इससे बेहतर न मेरी कहानी का तर्जुमा होगा !!!

|||फ़राज़|||

मंगलवार, 4 अक्टूबर 2016

कसम


यही बेहतर है की अब तुमको भूल जाऊं मैं,
दिल बेवजह अपना और न दुखाऊँ मैं

मेरे हालात की ख़बर भी न हो तुमको
राज़ कोई दफ़न सीने में हो जाऊं मैं

तेरे ख्यालों के चराग़ हैं दिल में रोशन
बुझा कर वो ख़यालात ख़ुद ही बुझ जाऊं मैं

याद तो सब है, बस याद नहीं करना है
बात हर लम्हा यही ख़ुद को समझाऊँ मैं

कभी तो ताबीर-ए-ख़्वाब मुझपर भी हो
पर क्या करूँ जो रातों को न सो पाऊँ मैं

तुम याद करो वादे जो पूरे न किये
मुझे है रंज की अब भी क्यूँ निभाऊँ मैं

ली थी कसम कि तुमको न भूलेंगे कभी
ली थी कसम, तो तुमको कैसे भुलाऊँ मैं

शनिवार, 1 अक्टूबर 2016

क़सक

वो मेरे सामने था मगर किसी चाँद की तरह,
उसे देख तो सकता था मैं, छू सकता न था !

रस्मी ही सही, उसने हाल तो पूछा था,
उसे परवाह नहीं, मैं कह सकता न था !

दिल आज़ारी न कहो, कि सीनारेज़ी थी,
ज़ख्म जो उसने दिए, मैं दिखा सकता न था !

ये वक़्त के ज़ख्म भरने में वक़्त लगेगा,
इतना भी वो मुझको समझा सकता न था...


वो फ़िर मिला मुझे एक अजीब मोड़ पर,
कि जा रहा था वोमैं रोक सकता न था !

सिर्फ़ वो ही नहीं बदला, मेरे भी कुछ वादे थे
'फ़राज़आईने को झुठला सकता न था...

बुधवार, 28 सितंबर 2016

और फ़िर तन्हाई...

रात है, चाँद है, और फ़िर तन्हाई,
रात चराग़ों में फ़िर जली हो जैसे !
ये तेरी आहट, कि बढ़ गयी धड़कन,
ये तेरा साया, कि तू मिली हो जैसे !

दिल में तक़लीफ़ सी जगी हो जैसे,
याद फ़िर सीने में चुभी हो जैसे,
ये ख़याल फ़िर तेरे न होने का,
चोट कोई फ़िर छिल गई हो जैसे !

इतनी क़ुर्बत कि हर पल की ख़बर रहती थी,
इतनी दूरी कि कोई दुश्मनी हो गई हो जैसे,
बात करती है तो बस ज़ख्म देती है,
देखती यूँ है कि कोई अजनबी हो जैसे !

है क्या दीवानगी, ये तमन्ना धुंधली सी,
उसके आने की कोई आस बची हो जैसे !
वक़्त-ए-रुख़सत तूने मुड़कर न देखा पीछे...
ज़िन्दगी साथ मेरा छोड़ चली हो जैसे...

|||फराज़|||

बुधवार, 21 सितंबर 2016

अभी ताज़ा है ज़ख्म, थोड़ा अभी सह लेने दो..



आज मुझे अपनी गहराइयों में छुप के रह लेने दो..
आज मुझे ज़रा देर चुप रह लेने दो..

अभी मैं बिखरा हूँ, कुछ वक़्त में सिमट जाऊँगा..
अभी सोया हूँ, जब जागूँगा तो निखर जाऊँगा..
मेरे हालात से तुम न परेशान न होना..
मैं हूँ दरिया, समंदर नहीं, जो ठहर जाऊँगा..
अभी ताज़ा है ज़ख्म, थोड़ा अभी सह लेने दो..
आज मुझे ज़रा देर चुप रह लेने दो..

अभी बाक़ी हैं हवास, कोई बात न मैं समझूंगा..
एक पैमाना और कर दूँ ख़ाली, तो कुछ समझूंगा..
अभी ज़िन्दगी के कुछ घूँट भी हैं पीना बाक़ी..
जो कुछ बूँदें ही मिल जाएँ तो ग़नीमत समझूंगा..

मुझसे ख़्वाबों में भी ना कोई रिश्ता रखना..
इतना है कहना, इतना ही बस कह लेने दो..
अभी ताज़ा है ज़ख्म, थोड़ा अभी सह लेने दो..
आज मुझे ज़रा देर चुप रह लेने दो...

आज भी याद है जब तुमने कुछ कहा भी न था..
तुम ही आँखों में, ख़्वाबों में, मेरी ज़िन्दगी में थे..
आज भी याद हैं ठिकाने तुझसे मिलने के..
आज भी कानों में तेरी सी सदा आती है..
ये, और कुछ और बातें, जो अधूरी रह गयीं..
आज फिर ये बातें मुझे खुद से कह लेने दो..
अभी ताज़ा है ज़ख्म, थोड़ा अभी सह लेने दो..

आज मुझे ज़रा देर चुप रह लेने दो...