but लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
but लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 3 नवंबर 2018

मंज़र

एक सवाल में उलझा हूँ उम्र भर से मैं,
कि मंज़र गुज़र जाता है या मंज़र से मैं !

यहाँ अभी न हिंदू
, न मुसलमान हूँ मैं,
शहर मुझसे अजनबी है और शहर से मैं !

इंसान से तो सीखा है ख़ुदगर्ज़ होना,
सख़ावत तो सीखा हूँ शजर से मैं !

मैं कहीं रहूँदिल तो घर पे रहता है,
न घर मुझसे दूर है, न घर से मैं !

कोई माटी का तो कोई बुत तसव्वुर का,
डरता हूँ अपने ही बनाये डर से मैं !

वो आ के थम जाएगी मेरे साहिल पर,
उम्मीद लगाये बैठा था एक लहर से मैं !

हर मील का पत्थर ये गवाही देगा,
कि सफ़र मुझसे था या सफ़र से मैं !

मर्तबे बिकते नहीं हैं  बाज़ारों में,
'अल्फ़ाज़बना हूँ अपने हुनर से मैं !

||| अल्फ़ाज़ |||

मंज़र= Scene, View
ख़ुदगर्ज़= Selfish
सख़ावत= Generosity
शजर= Tree
माटी= Mud, Clay, Silt
बुत= Idol
तसव्वुर= Imagination
मर्तबा= Account, Class, Degree, Office
हुनर= Art, Skill, Talent

बुधवार, 23 अगस्त 2017

मन!!!

मन किस माया में उलझा है,
ये कैसे ख़्वाब सजाता है,
है मन में इतना शोर सा क्यूँ,
जब कानों में फ़िर सन्नाटा है !

हर रात भटकता जोगी सा,
मन चाँद की हसरत रखता है,
हर रात मलामत करता है,
हर रात सफ़र दोहराता है !

मन बारिश भी, मन सहरा भी,
मन दलदल भी, मन दरिया भी,
मन झील सा ठहरा रहता है,
जब मौज उठे, बह जाता है !

जिस्म-ए-फ़ानी पर इतराकर,
मन ख़ुद ही ख़ुद को छलता है!
ख़ुद का पैग़म्बर बनकर,
मिट्टी का ख़ुदा पछताता है !

ख़ुद अपने दो हिस्से करके,
मन ख़ुद से राज़ छुपाता है,
मन ख़ुद ही बुत को गढ़ता है,
ख़ुद ही बुत से घबराता है !

मन क्यूँ कठपुतली जैसा है,
दुनियादारी के बंधन में,
मैं तोड़ता हूँ बंदिश जितनी,
मन उतना नाच नचाता है !!!

|||फ़राज़|||

माया= Illusion
जोगी= Gypsy, Nomad, Hermit, Ascetic.
सहरा= Desert, Wilderness
मलामत= Reproach, Rebuke.
मौज= Wave
जिस्म-ए-फ़ानी= Mortal body.
पैग़म्बर= Prophet.
बुत= Idol
कठपुतली= Puppet
बंदिश= Closure, Stoppage.